Ticker

6/recent/ticker-posts

10 लाख दियों से जगमगाएगी राम की नगरी अयोध्या

कानपुर। कभी वनवास से वापस आने पर अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर अपने राजा राम के स्वागत में दीपावली मनाई थी तो अब प्राण-प्रतिष्ठा पूर्ण होने के उपरांत 'राम ज्योति' जलाकर दीपावली मनाई जाएगी। सात वर्षों से दीपोत्सव का भव्यतम आयोजन करा रही योगी सरकार 22 जनवरी को फिर से दीपों से अयोध्या सजाएगी, जिसका दिव्य और भव्य दीदार दुनिया करेगी।




योगी सरकार के 2017 में सत्ता संभालने के बाद से ही अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन शुरु हो गया। 2017 में जहां 1.71 लाख के रिकॉर्ड दीपो के साथ अयोध्या जगमगाई थी तो उसके बाद से साल दर साल दीपोत्सव में रिकॉर्ड दियों की संख्या का सिलसिला 2023 में 22.23 लाख के रिकॉर्ड पर जाकर रुका। लेकिन 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के बाद दीपोत्सव फिर एक नया कीर्तिमान रचने को तैयार है। अयोध्या में इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही है।प्रतिष्ठा वाले दिन की सांझ को रामलला, राम की पैड़ी, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, सरयू तट, लता मंगेशकर चौक, मणिराम दास छावनी समेत 100 मंदिरों, प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे।

प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर अयोध्या, प्रदेश, देश और दुनिया में राम भक्त उत्साहित हैं। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम पूरे वैभव के साथ अपने मंदिर में विराजने जा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर को पूरे देश में पर्व की तरह मनाने की अपील की है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद रात में हर देशवासी से अपने घर में दीप प्रज्ज्वलित करने को कहा गया है। योगी सरकार ने अपील की है कि प्रदेशवासी सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों (होटल, फैक्ट्री, कारखाने, प्लांट आदि), कार्यालयों (सरकारी व निजी) और पौराणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीपोत्सव करें। 'राम ज्योति' के माध्यम से बिखरी आभा से पूरा वातावरण राममय हो जाए।

अपने आराध्य भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या की जिस रज को बड़े-बड़े संत महात्मा अपने मस्तक पर तिलक के रूप में सुशोभित करते है। जहां की रज को ब्रह्मा आदि शिरोधार्य करते है , उसी मिट्टी के दिये खरीदने के लिए लोगों में होड़ मची है। अयोध्या के कुम्हारों के दिन रात इस समय दिये बनाने में ही बीत रही है। उनका घर दियों से भरा पड़ा है। सरकार से लेकर आम लोग अयोध्या की मिट्टी से बने दियों से ही अपने घरों में राम ज्योति जलाने के लिए लालायित है। प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन इन्हीं दियों से अयोध्या नगरी जगमगाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ