Ticker

6/recent/ticker-posts

विश्वविद्यालय कुलपति द्वारा की गई मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत

 

विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार को कुलपति ने छात्रों  के साथ मिलकर मतदाता हस्ताक्षर जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान के तहत प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने छात्रों को विधानसभा चुनाव 2022 की मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।कुलपति द्वारा साइन बोर्ड पर सर्वप्रथम हस्ताक्षर कर मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रोफेसर पाठक ने कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य है और मतदान उनके अधिकार के साथ-साथ उनका कर्तव्य भी है और सभी युवाओं को अपना कर्तव्य अवश्य निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान कर नागरिक अपने अनुसार सरकार बना सकते हैं।मतदान का यह मौका 5 वर्षों में सिर्फ एक बार ही मिलता है। इसलिए अपना मत वोट के जरिए जरूर देना चाहिए।उन्होंने कहा कि पहले मतदान करे फिर कोई काम और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। 

प्रोफेसर पाठक ने वहां पर उपस्थित विभिन्न संकाय के निदेशकों, शिक्षकों ,अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से युवा छात्र छात्राओं में जोश भरते हुए और मतदान के महत्व को दर्शाते हुए आगामी 20 फरवरी को शत-प्रतिशत मतदान करने हेतु प्रोत्साहित किया।‌ कुलपति ने कहा कि सभी युवा मतदाता मतदान के दिन वोट देकर अपनी सेल्फी भेजें जिसका चयन कर विभिन्न वर्गों में सर्वश्रेष्ठ सेल्फी  हेतु युवाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।कुलसचिव डॉ अनिल कुमार यादव ने कहा कि युवा जो प्रथम बार मतदाता बने हैं उनके अंदर मतदान करने का अत्यंत उत्साह है। उन्होंने कहा कि मतदान कर हम अपने विचारों का प्रतिनिधित्व कराते हैं। इस अवसर पर अभियान संयोजक स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ सुधांशु राय, प्रोफेसर संजय स्वर्णकार, प्रोफेसर मुनेश कुमार, सीडीसी डॉक्टर आरके द्विवेदी, डॉ विवेक सचान , प्रोफेसर आशीष श्रीवास्तव  ,मीडिया प्रभारी डॉ विशाल शर्मा आदि उपस्थित रहे और हस्ताक्षर अभियान में प्रतिभाग किया।     

                                                 –सुलक्षणा दुबे                                       (Twitter: @NewsTrker1)



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ